नोएडा से घर लौटी युवती ने फांसी लगाकर दी जान
नोएडा से घर लौटी युवती ने फांसी लगाकर दी जान
औरैया, 15 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अयाना थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक युवती ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि ग्राम मानपुर निवासी सर्वेश कुमार जयपुर की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। उनके बेटे रुस्तम ने बताया कि वह मां तारावती, भाई अंश और बहन संजना (22) के साथ नोएडा में रहते थे। रुस्तम और संजना दोनों नोएडा की एक चार्जर बनाने वाली कंपनी में काम करते है। दीपावली पर्व मनाने के लिए मां, छोटा भाई और वह रविवार को घर आए थे। जबकि बहन संजना मंगलवार को घर आई थी। आज मां और छोटा भाई बाजार चले गए, जबकि वह (रुस्तम) दोस्तों से मिलने गांव में गया था। इस बीच घर पर बहन संजना अकेली थी। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब मां लौटीं, तो उन्होंने देखा कि संजना का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटक रहा है।
इस सूचना पर थाना पुलिस ने माैके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती द्वारा आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।