यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती थार जीप में लगी आग
यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती थार जीप में लगी आग
नोएडा, 13 मई । उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्धनगर जिले में थाना दनकौर क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की देर रात एक बजे के करीब एक चलती हुई कार में आग लग गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में कोई जन हानि नहीं हुई है।
मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि मंगलवार रात एक बजे दमकल पुलिस को सूचना मिली कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर नोएडा से आगरा की तरफ जा रही एक महिंद्रा थार जीप में आग लग गई है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल पुलिस की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस घटना में थार पूरी तरह से जल गई है। थार में सवार युवक आग लगने के समय वाहन से कूद गया था। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
वहीं थाना दादरी क्षेत्र के अजायबपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित डीएमआईसी सेक्टर में एक कंपनी के स्क्रैप के ढेर में अचानक आग लग गई। मुख्य दमकल अधिकारी ने बताया कि आग की लपटे देखकर लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने दाे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।