कानपुर के बोसर गांव में बनेगा आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम
- योगी सरकार की बड़ी पहल, युवा कल्याण विभाग के तहत होगा निर्माण
कानपुर, 03 फरवरी । योगी सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। इसी क्रम में कानपुर नगर जिले के सरसौल ब्लॉक के ग्राम बोसर में एक आधुनिक ग्रामीण स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर कुल 9 करोड़ 88 लाख 61 हजार रुपये की लागत आएगी।
यह धनराशि उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी और निर्माण कार्य युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत कराया जाएगा।
प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी, काम शुरू होने की तैयारी
जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने स्टेडियम निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और प्रस्ताव उच्च स्तर पर भेज दिए हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा 27 जनवरी 2026 को विस्तृत लागत अनुमान पहले ही प्रस्तुत किया जा चुका है। परियोजना को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है, अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह स्टेडियम महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बोसर गांव में बनेगा, जिससे ग्रामीण युवाओं को खेल अभ्यास के लिए शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
इस संबंध में जिला युवा कल्याण अधिकारी आरती जायसवाल ने मंगलवार काे बताया कि बोसर में बनने वाला यह स्टेडियम गांव के युवाओं को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं का अवसर देगा। इससे जिले की खेल प्रतिभाएं आगे आएंगी और राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगी।
अधिकारियों को दिए गए निर्देश
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी, उपनिदेशक युवा कल्याण एवं जिला युवा कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।