19 नवंबर को प्रयागराज में होगी 41वीं अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन, छह साल बाद हाफ मैराथन की भी वापसी
इस वर्ष से पहली बार आयोजित होगी हाफ मैराथन, पुरुष एवं महिला वर्ग में 21.097 किमी की होगी दौड़; पूर्ण मैराथन में प्रथम स्थान पाने वाले को दो लाख रुपये मिलेंगे
प्रयागराज, 14 नवंबर । विश्व प्रसिद्ध संगमनगरी की धरती पर 19 नवंबर को अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन एवं हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष से पहली बार इंदिरा मैराथन के साथ हाफ मैराथन भी आयोजित की जा रही है। इसकी तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा के संबंध में शनिवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिवकुमार यादव ने मीडिया को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देशभर के धावक प्रतिभाग करेंगे। पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों में दौड़ आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी की स्मृति में उनके जन्मदिवस 19 नवंबर को मैराथन कराने का निर्णय खेल विभाग ने वर्ष 1985 में लिया था। इसके बाद से प्रत्येक वर्ष इंदिरा मैराथन का सफल आयोजन किया जा रहा है। इस बार प्रतियोगिता को और व्यापक स्वरूप देते हुए हाफ मैराथन भी शुरू की जा रही है।
पूर्ण मैराथन 42.195 और हाफ मैराथन 21.097 किलोमीटर की होगी
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी शिवकुमार यादव ने बताया कि अखिल भारतीय इंदिरा मैराथन की दूरी 42.195 किलोमीटर निर्धारित की गई है, जबकि हाफ मैराथन में प्रतिभागियों को 21.097 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। प्रतियोगिता में 19 नवंबर 2026 को 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष प्रतिभाग कर सकेंगे।
18 नवंबर तक करा सकेंगे नि:शुल्क पंजीकरण
मैराथन में शामिल होने के लिए पंजीकरण पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है। पंजीकरण की प्रक्रिया सात नवंबर से शुरू हो चुकी है, जो 18 नवंबर की शाम छह बजे तक चलेगी। इच्छुक धावक ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
आनंद भवन से शुरू होगी पूर्ण मैराथन
पूर्ण मैराथन का प्रारंभ आनंद भवन से होगा। यहां से धावक पत्थर गिरजाघर, मेडिकल चौराहा, नए पुल और नैनी होते हुए दादूपुर स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचेंगे। इसके बाद वापस उसी मार्ग से हनुमान मंदिर की ओर दायीं तरफ मुड़ते हुए महामना पंडित मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में दौड़ पूरी करेंगे।
हाफ मैराथन का प्रारंभिक और समापन स्थल एक ही निर्धारित किया गया है। इसके लिए नैनी नए पुल के सामने स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय पार्क के स्वतंत्रता द्वार को वापसी स्थल बनाया गया है।
पूर्ण मैराथन के विजेता को दो लाख रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता में धावकों को आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। पूर्ण मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 75 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा 10-10 हजार रुपये के 11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
हाफ मैराथन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पाने वाले को 21 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 5100 रुपये के तीन सांत्वना पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
हर पांच किलोमीटर पर पानी और हाईड्रेशन की व्यवस्था
धावकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए मैराथन मार्ग पर प्रत्येक पांच किलोमीटर पर पेयजल और हाईड्रेशन की व्यवस्था की जाएगी। पूरे मार्ग पर एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी। इसके साथ ही स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। प्रतियोगिता में शामिल होने वाले धावकों को ट्रैकिंग चिप और बिब नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी दौड़ का समय और प्रदर्शन दर्ज किया जा सके।
मैराथन को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी प्रमुख चौराहों और क्रॉसिंग पर यातायात एवं पुलिस की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए भी विशेष प्रबंध किए जाएंगे। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन के लिए उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 23 तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, जो रेफरी एवं निर्णायक की भूमिका निभाएंगे।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा मैराथन प्रयागराज की एक महत्वपूर्ण खेल परंपरा है। हाफ मैराथन शुरू होने से अधिक से अधिक लोगों को इस आयोजन में शामिल होने का अवसर मिलेगा।