युवा राष्ट्र निर्माण की धुरी, राष्ट्रीय कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर लें हिस्सा: डॉ. आलोक कुमार मिश्र
नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के जमुनीपुर परिसर में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत मेगा इवेंट आयोजित; चयनित युवाओं को जनवरी में प्रधानमंत्री के साथ संवाद का अवसर मिल सकता है।
प्रयागराज, 18 सितंबर। युवा राष्ट्र निर्माण की धुरी हैं। उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं और कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। इससे उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का अवसर मिलता है। यह बातें नेहरू ग्राम भारती मानित विश्वविद्यालय के जमुनीपुर परिसर के निदेशक एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. आलोक कुमार मिश्र ने शुक्रवार को कही।
विश्वविद्यालय के जमुनीपुर परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत मेगा इवेंट आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने ‘माई भारत’ पोर्टल पर पंजीकरण कराया और क्विज प्रतियोगिता में उत्साह के साथ भाग लिया।
डॉ. आलोक कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि युवाओं को ऐसे अवसरों का लाभ उठाकर अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करना चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय के साथ-साथ उत्तर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम संयोजक एवं एनएसएस के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार मिश्र ने प्रतियोगिता की रूपरेखा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्विज प्रतियोगिता के बाद चयनित प्रतिभागियों के लिए निबंध लेखन का अगला चरण होगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को आगामी 10 से 12 जनवरी को भारत मंडपम, नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि ‘माई भारत’ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 सितंबर है।
कार्यक्रम के दौरान ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की संकल्पना के तहत विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
पोर्टल पर पंजीकरण की तकनीकी प्रक्रिया समझाने में डॉ. अभिषेक तिवारी और डॉ. उत्तम कुमार ने सहयोग किया। कार्यक्रम में डॉ. शिवाश्रेय यादव, डॉ. किरण सिंह, डॉ. प्रतिमा मिश्रा, डॉ. रमेंद्र तिवारी, डॉ. प्रदीप मिश्रा, डॉ. अवधेश कुमार, डॉ. रत्न कुमार पांडेय, डॉ. विधु शेखर, डॉ. साधना त्रिपाठी, डॉ. मनीष सिंह, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मोनिका सिंह और डॉ. रितेश सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।