लोकसभा अध्यक्ष,गृहमंत्री व अन्य ने श्रावण मास के प्रथम सोमवार की देशवासियों को दी शुभकामनाएं
लोकसभा अध्यक्ष,गृहमंत्री व अन्य ने श्रावण मास के प्रथम सोमवार की देशवासियों को दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 03 अगस्त। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी।
बिरला ने एक्स पर लिखा, "पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार की समस्त देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं! श्रावण का प्रथम सोमवार भगवान शिव की आराधना, आत्मशुद्धि, संयम और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश लेकर आता है। भगवान भोलेनाथ का सरल और कल्याणकारी स्वरूप हमें विनम्रता, धैर्य, प्रकृति के प्रति सम्मान और लोककल्याण की भावना के साथ जीवन जीने की प्रेरणा देता है। आज के दिन हम शिव भक्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सेवा और मानवता के मूल्यों को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लें। देवाधिदेव महादेव की असीम कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। ॐ नमः शिवाय।"
शाह ने कहा कि देवाधिदेव महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा महादेव का आशीर्वाद प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि और पूरे राष्ट्र में शांति, सद्भाव तथा नई ऊर्जा का संचार करे। यही मंगलकामना है। हर हर महादेव! केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याणमंत्री शिवराज सिहं ने कहा कि भगवान शिव की कृपा सदैव आप सभी पर बनी रहे, हर घर-आंगन में ऋद्धि - सिद्धि, खुशहाली हो, सबकी मनोकामनाएं पूरी हों, यही प्रार्थना है।
केन्द्रीय कपड़ामंत्री गिरिराज सिंह ने एक श्लोक साझा किया, “नमस्ते भगवान रुद्र भास्करामित तेजसे। नमो भवाय देवाय रसायाम्बुमयात्मने॥ केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारितामंत्री डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि आदिदेव भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से आपका जीवन सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य युक्त, समृद्धि एवं मंगलमय ऊर्जा से परिपूर्ण हो। यह पवित्र श्रावण मास सभी के लिए श्रद्धा, भक्ति और नवचेतना का संदेश लेकर आए।
भगवान शिव के पावन जलाभिषेक हेतु श्रद्धा, अनुशासन और भक्ति के साथ यात्रा कर रहे सभी शिवभक्त श्रद्धालु कांवड़ियों की मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना है।