प्रयागराज में भव्य तिरंगा यात्रा, गणेश केसरवानी बोले- ‘तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक’

‘हर घर तिरंगा, हर वार्ड तिरंगा’ अभियान के तहत प्रयागराज में भव्य यात्रा, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से गूंजा शहर

प्रयागराज में भव्य तिरंगा यात्रा, गणेश केसरवानी बोले- ‘तिरंगा भारत की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक’

प्रयागराज, 10 अगस्त । तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा, हर वार्ड तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना तथा स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करना है। यह बातें महापौर गणेश केसरवानी ने सोमवार को प्रयागराज में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान कहीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रयागराज की धरती सदैव राष्ट्रभक्ति, आध्यात्मिकता और सांस्कृतिक चेतना की भूमि रही है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने नागरिकों से ‘हर घर तिरंगा, हर वार्ड तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक फहराएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश के प्रत्येक नागरिक को एकता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना ‘हर घर तिरंगा, हर वार्ड तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत महापौर गणेश केसरवानी के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ पजावा रामलीला मैदान से हुआ। यहां से यात्रा अतरसुइया थाना, गोल पार्क, मीरपुर सब्जी मंडी और खत्री पाठशाला होते हुए पुनः पजावा रामलीला मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारे लगाए। जगह-जगह स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया।

यात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी रही। राष्ट्रभक्ति के गीतों और नारों के बीच बड़ी संख्या में लहराते तिरंगे यात्रा का मुख्य आकर्षण रहे। इससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर गिरीशंकर प्रभाकर, पद्म नारायण जायसवाल, रामजी केसरवानी, मनोज मिश्रा, नीरज त्रिपाठी, बृजेश मिश्रा, अमित गुप्ता, श्याम प्रकाश पांडेय, सचिन मिश्रा, दिनेश विश्वकर्मा, दुर्गेश नंदिनी, सारिका भारद्वाज, रोमा भारतीय, अपूर्व चंद्रा, साहिल अरोड़ा, सुनीता चोपड़ा, ऋषि राधा निषाद, रणविजय सिंह, विवेक अग्रवाल, आशीष द्विवेदी, मुकेश कसेरा, किरण जायसवाल, अनुप पासी, बलराज पटेल, संजय पासवान, आकाश सोनकर, सुनील केसरवानी, पप्पू कटरा, श्याम चंद्र हेला, भोला तिवारी, तीर्थेश्वर प्रसाद मिश्रा, नीरज गुप्ता, रामलोचन साहू, अरुण सिंह चौहान, विक्रम त्रिपाठी, सत्य जायसवाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहें।