प्रयागराज में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, सात नए पशु चिकित्सालय तैयार

प्रयागराज में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, सात नए पशु चिकित्सालय तैयार

प्रयागराज में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती, सात नए पशु चिकित्सालय तैयार


प्रयागराज, 14 जुलाई (हि.स.)। उत्तर

प्रदेश सरकार की पहल पर प्रयागराज में पशुपालकों और किसानों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश पशुपालन विभाग सात नए पशु चिकित्सालयों का निर्माण करा रहा है। इन अस्पतालों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं के उपचार की सुविधाएं और अधिक सुलभ एवं सुदृढ़ होंगी। यह जानकारी मंगलवार को मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ शिवनाथ यादव ने दी।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शिवनाथ यादव ने बताया कि नए पशु चिकित्सालयों का निर्माण नवगठित विकास खंड सहसों और श्रृंगवेरपुर के साथ-साथ बरौत, हंडिया, धनुपुर और शुकुलपुर तथा लालापुर में कराया गया है। प्रत्येक अस्पताल के निर्माण पर 69.11 लाख रुपये की लागत आई है। इन भवनों का निर्माण लगभग डेढ़ वर्ष पहले शुरू किया गया था और कार्यदायी संस्था श्रम विकास सहकारी संघ ने निर्माण कार्य पूरा किया है।

उन्होंने बताया कि बरौत, हंडिया, धनुपुर, मेजा के शुकुलपुर और लालापुर पशु चिकित्सालय विभाग को हस्तांतरित किए जा चुके हैं। वहीं श्रृंगवेरपुर के लाल गोपालगंज और सहसों में निर्मित अस्पताल भवनों की तकनीकी जांच लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और आरएसएफ द्वारा की जाएगी। जांच पूरी होते ही इन भवनों को भी पशुपालन विभाग को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद वहां नियमित रूप से पशु चिकित्सा सेवाएं शुरू हो जाएंगी।

डॉ. यादव ने कहा कि इन नए चिकित्सालयों के संचालन से पशुपालकों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर उपचार, टीकाकरण तथा अन्य पशु स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे पशुधन की सुरक्षा, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायता मिलेगी।

प्रदेश की योगी सरकार पशुपालकों और किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। नए पशु चिकित्सालयों का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।