प्रयागराज में सोमवार को किसान क्रांति महापंचायत, राकेश टिकैत होंगे शामिल

प्रयागराज में सोमवार को किसान क्रांति महापंचायत, राकेश टिकैत होंगे शामिल

प्रयागराज में सोमवार को किसान क्रांति महापंचायत, राकेश टिकैत होंगे शामिल

प्रयागराज, 25 अक्टूबर । भारतीय किसान यूनियन की ओर से सोमवार को मुंडेरा मंडी में किसान क्रांति महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत शामिल होंगे। महापंचायत में किसानों की समस्याओं और उनके हक-अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे। संगठन की ओर से मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी को 12 सूत्री मांगपत्र सौंपा जाएगा। यह जानकारी रविवार को भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश अध्यक्ष अनुज सिंह ने दी है।

उन्होंने बताया कि किसानों को भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा, धान की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद और फसल नुकसान का मुआवजा मिलना चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली, खाद-बीज, सिंचाई और खराब सरकारी नलकूपों की समस्याओं का भी समाधान किया जाए। किसान सम्मान निधि की लंबित समस्याएं दूर करने, ग्रामीण सड़कों की मरम्मत और छुट्टा पशुओं से फसलों को बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

उन्होंने कहा कि किसान यूनियन के प्रदेश कार्यालय पर हुए हमले के आरोपिताें की गिरफ्तारी, कार्यकर्ताओं की सुरक्षा और जल सत्याग्रह आंदोलन से जुड़े मुकदमों की वापसी भी प्रमुख मांगों में शामिल है। अनुज सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान केवल आश्वासन से नहीं, बल्कि समयबद्ध कार्रवाई से होना चाहिए। मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगा। उन्होंने किसानों और कार्यकर्ताओं से महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।