‘कांच ही बांस के बहंगिया...’ के स्वरों से गूंजे संगम के घाट, उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ छठ महापर्व संपन्न
प्रयागराज में छठ की अनुपम छटा, 36 घंटे से अधिक निर्जला व्रत के बाद व्रतियों ने दिया भगवान भास्कर को अर्घ्य
कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...’ के स्वरों से गूंजे संगम के घाट
श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया छठ महापर्व, उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ 36 घंटे से अधिक निर्जला ब्रत अनुष्ठान का समापन
प्रयागराज, 16 नवंबर (हि.स.)।
‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए...’ और ‘होय ना बलम जी कहरिया, बहंगी घाटे पहुंचाय...’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों से सोमवार की भोर में संगम नगरी के गंगा और यमुना तट गूंज उठे। लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे श्रद्धाभाव और उल्लास के साथ मनाया गया। सोमवार को उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया।
संगम घाट, रामघाट, किलाघाट, गऊघाट, अश्वमेध घाट, अरैल घाट, छतनाग, झूंसी ,फाफामऊ और श्रृंगवेरपुर सहित गंगा-यमुना के विभिन्न तटों पर बनाए गए छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने छठी मैया और भगवान सूर्य की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और घर-परिवार की खुशहाली की कामना की।
36 घंटे से अधिक समय तक निर्जला व्रत रखने वाली व्रती महिलाएं सोमवार भोर में ही पूजन सामग्री, फल-फूल और प्रसाद से सजे दउरा तथा सूप लेकर घाटों पर पहुंच गई थीं। गंगा और यमुना के तटों पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य दिखाई दिया। सूर्य की पहली किरण के इंतजार में व्रती महिलाएं जल में खड़ी होकर आराधना करती रहीं। जैसे ही पूर्व दिशा में सूर्यदेव की लालिमा दिखाई दी, श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की आराधना की।
अर्घ्य अर्पित करते समय कई व्रती महिलाएं भावविभोर हो उठीं। उनकी आंखों से छलकते आंसू अटूट आस्था और विश्वास की अभिव्यक्ति कर रहे थे। इस दौरान घाटों पर छठ के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच श्रद्धालु भक्ति गीत गाते और झूमते नजर आए। घाटों पर परिवार के सदस्यों और परिचितों की मौजूदगी ने पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने छठी मैया से परिवार के सुख, शांति, समृद्धि और संतान के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला सूर्योपासना का यह पावन महापर्व संपन्न हो गया। संगम नगरी के घाटों पर छठी मैया के जयकारों और लोकगीतों की गूंज के बीच श्रद्धा, विश्वास और भक्ति का वातावरण बना रहा।