प्रयागराज में 42 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, VIP ड्यूटी में निर्देशों के उल्लंघन पर कार्रवाई

14 सितंबर की VIP ड्यूटी के मामले में रिपोर्ट के बाद पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया के स्तर पर प्रशासनिक कार्रवाई, कई थानों के कर्मचारी शामिल

प्रयागराज में 42 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, VIP ड्यूटी में निर्देशों के उल्लंघन पर कार्रवाई

प्रयागराज में 42 पुलिस कर्मचारी लाइन हाजिर

प्रयागराज, 16 सितंबर । पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने बुधवार काे वीआईपी ड्यूटी में निर्देशाें के उल्लंघन करने वाले 42 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है।

अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय की ओर से 15 सितंबर को जारी आदेश में बताया गया कि 14 सितंबर की वीआईपी ड्यूटी के दौरान ड्यूटी संबंधी निर्देशों के उल्लंघन के संबंध में पुलिस उपायुक्त प्रोटोकॉल, कमिश्नरेट प्रयागराज की रिपोर्ट प्राप्त हुई थी। इसके आधार पर पुलिस आयुक्त के स्तर पर गठित स्थापना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद प्रशासनिक आधार पर संबंधित कर्मियों का स्थानांतरण किया गया।

आदेश के अनुसार सभी संबंधित प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्यमुक्त कर अनुपालन आख्या पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए। कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों में थाना शिवकुटी, कोतवाली, खुल्दाबाद, अतरसुइया, कर्नलगंज, धूमनगंज, जार्जटाउन, मेजा और औद्योगिक क्षेत्र सहित विभिन्न थानों में तैनात कर्मी शामिल हैं। सूची में उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह, प्रदीप कुमार, नरेंद्र कुमार सहित अन्य उपनिरीक्षक तथा मुख्य आरक्षी और आरक्षी शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त पीयूष मोर्डिया ने कहा कि वीआईपी ड्यूटी सहित प्रत्येक महत्वपूर्ण ड्यूटी में निर्धारित निर्देशों और जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाना चाहिए। ड्यूटी में लापरवाही अथवा निर्देशों की अनदेखी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-----------------

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्यूटी व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने और पुलिसकर्मियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति अधिक जवाबदेह बनाना है।