नोएडा में रिश्ते को शर्मसार करने का आरोप: ननदोई पर महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का केस

जेपी क्लासिक सोसाइटी की महिला ने ननदोई पर अश्लील संदेश भेजने, जबरन पकड़ने और धमकी देने का आरोप लगाया; पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

नोएडा में रिश्ते को शर्मसार करने का आरोप: ननदोई पर महिला से छेड़छाड़ और दुष्कर्म की कोशिश का केस

नोएडा, 06 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र स्थित जेपी क्लासिक सोसाइटी में एक महिला ने अपने ननदोई पर यौन उत्पीड़न के प्रयास, अश्लील हरकत और धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित खारी के अनुसार, सेक्टर-134 स्थित सोसाइटी में रहने वाली महिला ने बीती रात शिकायत दर्ज कराई। महिला का आरोप है कि उसका ननदोई अरविंद राजन, निवासी छतरपुर दिल्ली, पिछले करीब एक वर्ष से उसे लगातार अश्लील संदेश भेज रहा था और दोस्ती करने का दबाव बना रहा था।

महिला के मुताबिक, आरोपी उसके घर पहुंचा और मौका पाकर उसे पीछे से पकड़ लिया। आरोप है कि उसने महिला के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके नाजुक अंगों से छेड़छाड़ की और उसे जबरन डबल बेड पर पटक दिया। इसके बाद उसने उसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया।

महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी इससे पहले भी उसके साथ कई बार अश्लील हरकत और छेड़छाड़ कर चुका है। घटना के बाद महिला काफी डरी हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।