मीरजापुर के विराट दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम, रोमांचक मुकाबलों पर गूंजती रहीं तालियां
पंडितपुर अघौली गांव में स्वर्गीय चंद्रशेखर चौहान की स्मृति में हुआ विराट दंगल, दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने दिखाए शानदार दांव-पेच
मीरजापुर, 11 नवंबर । मझवां विधानसभा क्षेत्र के पंडितपुर अघौली गांव में बुधवार को स्वर्गीय चंद्रशेखर चौहान की स्मृति में विराट दंगल का आयोजन किया गया। भाजपा नेता मनोज जायसवाल ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। अखाड़े में उतरे पहलवानों ने अपने दम-खम और कुश्ती के दांव-पेच से दर्शकों को रोमांचित किया।
दंगल में दूर-दराज से आए पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए जोर आजमाइश की। मुकाबलों के दौरान दर्शकों ने तालियां बजाकर पहलवानों का उत्साह बढ़ाया। मुख्य अतिथि मनोज जायसवाल ने कहा कि कुश्ती हमारी पारंपरिक खेल संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
इस मौके पर भानू चौहान, बाबा यादव, कपिल चौहान, लवकुश पहलवान, गुलाब चौहान, श्याम चौहान, बबलू यादव, नगर पूर्वी मंडल मंत्री सुनील मोदनवाल सहित आयोजन समिति के सदस्य, क्षेत्रीय गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।