मीरजापुर में 25 अगस्त को हाेगी महिला जनसुनवाई
मीरजापुर में 25 अगस्त को हाेगी महिला जनसुनवाई
मीरजापुर, 24 अगस्त । महिलाओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और उन्हें शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से राज्य महिला आयोग की ओर से तहसील स्तर पर महिला जनसुनवाई एवं जागरूकता चौपाल आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में 25 अगस्त को दोपहर 12 बजे विकासखंड कोन के सभागार कक्ष में महिला जनसुनवाई होगी।
जनसुनवाई की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य नीलम प्रभात करेंगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी द्वारा नामित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष तथा संबंधित क्षेत्राधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों की मौजूदगी में महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।
जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न, दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा समेत महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों की सुनवाई की जाएगी। पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी न हो।
इसके साथ ही महिलाओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों द्वारा महिलाओं को उनके अधिकारों और उपलब्ध सहायता तंत्र के बारे में जागरूक किया जाएगा।
राज्य महिला आयोग ने जनपद की पीड़ित महिलाओं और आवेदिकाओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर कोन विकासखंड सभागार पहुंचकर अपनी समस्याएं दर्ज कराएं और इस जनसुनवाई का लाभ उठाएं।