कुंडा में श्रीराम कथा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, राजा भैया बने बागेश्वर सरकार के सारथी

कुंडा में श्रीराम कथा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, राजा भैया बने बागेश्वर सरकार के सारथी

कुंडा में श्रीराम कथा से पहले निकली भव्य कलश यात्रा, राजा भैया बने बागेश्वर सरकार के सारथी


प्रतापगढ़, 16 नवंबर

। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में कुंडा में आयोजित होने वाली तीन दिवसीय श्रीराम कथा में शामिल होने के लिए सोमवार को शाम बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बागेश्वर सरकार) प्रयागराज पहुंचे। एयरपोर्ट पर कुंडा विधायक एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने उनका आत्मीय स्वागत किया। खास बात यह रही कि राजा भैया स्वयं गाड़ी की स्टेयरिंग संभालकर बागेश्वर सरकार के सारथी बने और उन्हें लेकर प्रयागराज एयरपोर्ट से कुंडा के बेंती स्थित आयोजन स्थल पहुंचे।

बागेश्वर सरकार के आगमन को लेकर रास्ते से लेकर बेंती तक श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। बेंती पहुंचने पर हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। धार्मिक उल्लास और जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। राजा भैया की अगुवाई में बागेश्वर सरकार के आगमन को लेकर समर्थकों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के तहत श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु बागेश्वर सरकार के मुखारविंद से श्रीराम कथा का रसपान करेंगे। वहीं, 20 नवंबर को दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। आयोजन को लेकर बेंती में व्यापक तैयारियां की गई हैं। बागेश्वर सरकार के आगमन के साथ ही कुंडा में रामकथा के धार्मिक आयोजन का माहौल पूरी तरह बन गया है।

जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर जनपद के साथ ही दूसरे जिलों से आए पुलिस बल को ब्रीफ किया। पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और मुस्तैदी बनाए रखें। श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम और व्यवस्थित रखने के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें। किसी भी तरह की अव्यवस्था या आकस्मिक परिस्थिति सामने आने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेगी।

सभी पुलिसकर्मियों को आपसी समन्वय के साथ पूरी जिम्मेदारी और कर्तव्यनिष्ठा से ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, यातायात संचालन तथा कानून-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की।

पुलिस अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बेंती राजभवन में मंगलवार से बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की प्रस्तावित श्रीराम कथा को लेकर सोमवार को पूरा कुंडा क्षेत्र राममय और भक्तिमय नजर आया। कथा के शुभारंभ से पहले क्षेत्र के विभिन्न विकासखंडों और नगर पंचायतों में विधि-विधान से भव्य कलश यात्राएं निकाली गईं। श्रद्धा, उल्लास और धार्मिक उत्साह के बीच निकली इन यात्राओं में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और श्रद्धालु शामिल हुए। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें और जय श्रीराम व जय बागेश्वर सरकार के गगनभेदी जयकारों से पूरा इलाका गुंजायमान रहा। गांवों और कस्बों से होकर निकली इन यात्राओं ने क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना दिया।

कुंडा तहसील के कुंडा, बिहार, कालाकांकर और बाबागंज विकासखंडों के साथ ही नगर पंचायत कुंडा, डेरवा, हीरागंज और मानिकपुर में कलश यात्राओं का आयोजन किया गया। सभी यात्राओं का समापन बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में होना प्रस्तावित रहा। अलग-अलग क्षेत्रों से निकली यात्राओं में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

बाबागंज विकासखंड की कलश यात्रा कनावां से निकाली गई। इसकी अगुवाई कुंडा विधायक राजा भैया के छोटे बेटे कुंवर बृजराज प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल और पूर्व ब्लॉक प्रमुख हितेश प्रताप सिंह पंकज ने की। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं कालाकांकर विकासखंड की कलश यात्रा में राजा भैया के बेटे शिवराज प्रताप सिंह और बाबागंज विधायक विनोद सरोज शामिल हुए। यात्रा के मार्ग में जगह-जगह बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।

बिहार विकासखंड से निकली कलश यात्रा की अगुवाई एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने की। इस दौरान कुंडा और बिहार क्षेत्र की कलश यात्रा में राजा भैया भी शामिल होने पहुंचे। उनकी मौजूदगी से समर्थकों और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। विभिन्न गांवों से होकर गुजरती कलश यात्राओं में लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और धार्मिक जयकारों के साथ सहभागिता निभाई।

नगर पंचायत हीरागंज में मां नायर देवी मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। विकास सिंह पप्पन और व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव ने इसकी अगुवाई की। यात्रा में सैकड़ों व्यापारियों और नगरवासियों ने हिस्सा लिया। हीरागंज बाजार पहुंचने पर व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया। बाजार में श्रद्धालुओं की भीड़ और धार्मिक जयकारों से माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

नगर पंचायत कुंडा में डॉ. केएन ओझा और चेयरमैन प्रतिनिधि शिवकुमार तिवारी ने विधि-विधान से कलश पूजन किया। इसके बाद यात्रा निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरती कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में हर तरफ भगवा ध्वज, धार्मिक जयकारे और श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई।

रामकथा को लेकर पहले से ही क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। कलश यात्राओं के जरिए लोगों ने धार्मिक आयोजन के प्रति अपनी आस्था और सहभागिता प्रदर्शित की। राजा भैया के परिवार के सदस्यों से लेकर जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आम नागरिकों तक की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को व्यापक स्वरूप दिया। मंगलवार से शुरू होने वाली श्रीराम कथा को लेकर अब श्रद्धालुओं की निगाहें बेंती राजभवन पर टिकी हैं।