कानपुर : निगम आयुक्त ने देर रात देखी सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता, बोले—24 घंटे में हटाएं मलबा

अर्पित उपाध्याय ने काकादेव, देवकी चौराहा और सीएम ग्रिड सड़क निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण; लापरवाही पर चेतावनी, 30 सितंबर तक डीजीबीएम कार्य पूरा करने का लक्ष्य।

कानपुर : निगम आयुक्त ने देर रात देखी सड़कों के निर्माण की गुणवत्ता, बोले—24 घंटे में हटाएं मलबा

कानपुर, 19 सितंबर। कानपुर नगर निगम सीमा में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। निर्माण स्थलों पर मलबा, सीएंडडी वेस्ट और मिट्टी तत्काल हटाई जाए, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न हो।

यह निर्देश नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने देर रात शहर में चल रहे सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के स्थलीय निरीक्षण के दौरान दिए। नगर आयुक्त ने सबसे पहले जोन-6 के काकादेव क्षेत्र के वार्ड-20 में प्लांट के माध्यम से कराए जा रहे सड़क निर्माण व मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क की गुणवत्ता का आकलन करने के साथ तकनीकी पैमाने से स्वयं सड़क की मोटाई की जांच की। मौके पर क्षेत्रीय पार्षद, सहायक अभियंता और कार्यदायी संस्था की टीम मौजूद रही। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके बाद देवकी चौराहा से छपेड़ा पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया। यहां ट्रेंच की खुदाई का काम चल रहा था। नगर आयुक्त ने कहा कि पिछले निरीक्षण में भी इस कार्य को पूरा कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं मिली। इस पर क्षेत्रीय जोनल अभियंता को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए गए। कार्य में तेजी लाने के लिए प्रथम और द्वितीय दोनों पालियों में टीम लगाकर काम पूरा कराने को कहा गया।

चौराहे पर स्थित यूरिनल की मरम्मत और सुधार के संबंध में क्षेत्रीय पार्षद के अनुरोध पर सहायक अभियंता को तकनीकी परीक्षण कर रिपोर्ट देने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। दीप सिनेमा से सोटे बाबा मंदिर तक सीएम ग्रिड के तहत चल रहे सड़क निर्माण का भी निरीक्षण किया गया। हुंडई शोरूम और पुलिस चौकी के पास बड़ी मात्रा में मलबा और कूड़ा मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। पुलिस चौकी के पास सीएंडडी वेस्ट, मिट्टी और मलबा मिलने पर कार्यदायी संस्था को अंतिम चेतावनी देने के निर्देश दिए गए। 24 घंटे में सफाई नहीं होने पर संस्था के खिलाफ कठोर कार्रवाई और दंड लगाने की चेतावनी दी गई।

यू.पी. किराना स्कूल के पास सीएम ग्रिड के कार्य का निरीक्षण करते हुए सड़क को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए गए। संस्था ने बताया कि यूटिलिटी शिफ्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि जल निगम की एक पाइपलाइन की कनेक्टिंग का काम बाकी है, जिसे दो दिन में पूरा किया जाएगा।

नगर आयुक्त ने इस मार्ग पर डीजीबीएम का काम जल्द शुरू कराने को कहा। संबंधित संस्था ने 25 सितंबर से काम शुरू कर पांच दिन में पूरा करने की जानकारी दी। इसके तहत 30 सितंबर तक मार्ग की दोनों दिशाओं में डीजीबीएम कार्य पूरा करने का लक्ष्य बताया गया। नगर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।