दो लाख से अधिक की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

दो लाख से अधिक की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

दो लाख से अधिक की अवैध अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

कानपुर, 23 जुलाई । जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को चेकिंग अभियान के दौरान दो शराब तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो लाख रुपये से अधिक कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपित बिहार शराब की खेप ले जाने की फिराक में थे।

जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में गुरुवार काे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक के हावड़ा छोर स्थित कूड़ाघर के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्धों को रोककर उनके बैगों की तलाशी ली। जांच में विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कटिहार (बिहार) निवासी राहुल कुमार और समस्तीपुर (बिहार) निवासी सीताराम यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से 174 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की (180 एमएल), 193 बोतल जीआर-8 टाइम्स प्रीमियम मसाला जामुन वोडका (180 एमएल) तथा 20 बोतल बोइसन रिजर्व सुपर प्रीमियम व्हिस्की (375 एमएल) बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

जीआरपी ने आरोपितों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में पुलिस यह जानकारी जुटा रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और बिहार में किसे पहुंचाई जानी थी।

जीआरपी कानपुर सेंट्रल प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह ने बताया कि स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद शराब को बिहार ले जाने की तैयारी थी। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।