कानपुर में गंगा का जलस्तर 52 सेंटीमीटर घटा, चेतावनी बिंदु से नीचे पहुंचा
कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.570 मीटर दर्ज, शुक्लागंज में भी 94 सेंटीमीटर की गिरावट; प्रशासन ने तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई।
कानपुर, 19 सितंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में गंगा के जलस्तर में शनिवार को एक बार फिर गिरावट दर्ज की गई। कानपुर बैराज के अपस्ट्रीम में जलस्तर 113.570 मीटर रहा, जो शुक्रवार के 114.090 मीटर से 52 सेंटीमीटर कम है। डाउनस्ट्रीम का जलस्तर भी 113.120 मीटर दर्ज हुआ, जो शुक्रवार के 113.630 मीटर से 51 सेंटीमीटर नीचे है। अपस्ट्रीम जलस्तर अब चेतावनी बिंदु 114 मीटर से 43 सेंटीमीटर नीचे है।
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा के जलस्तर में लगातार कमी आ रही है, फिर भी प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। तटीय और संवेदनशील क्षेत्रों में अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जलस्तर और आसपास के हालात की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
बैराज पर पानी का डिस्चार्ज 2,91,413 क्यूसेक रहा, जबकि शुक्रवार को यह 3,46,893 क्यूसेक था। इसमें 55,480 क्यूसेक की कमी आई है। शुक्लागंज में जलस्तर 112.120 मीटर दर्ज हुआ, जो शुक्रवार के 113.060 मीटर से 94 सेंटीमीटर कम है।
हरिद्वार बैराज से 52,313 क्यूसेक और नरौरा बैराज से 48,653 क्यूसेक डिस्चार्ज दर्ज किया गया। जलस्तर में गिरावट के बाद गंगा अब चेतावनी बिंदु से नीचे बह रही है।