हर घर तिरंगा' राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और वीर बलिदानियों के सम्मान का जनअभियान : अमरनाथ यादव
10 से 15 अगस्त तक हर घर पहुंचेगा तिरंगा, भाजपा कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएंगे राष्ट्रभक्ति का संदेश
प्रयागराज, 05 अगस्त । हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और देश के वीर बलिदानियों के सम्मान का जन आंदोलन है।
यह बात भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रयागराज यमुनापार द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय सिविल लाइंस में आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष एवं जिला प्रभारी अमरनाथ यादव ने कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 10 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने, तिरंगा यात्राएं निकालने, शहीद स्मारकों पर स्वच्छता अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
विशिष्ट अतिथि नीरज त्रिपाठी ने कहा कि तिरंगा भारत की अस्मिता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। हर नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और उसकी गरिमा को बनाए रखते हुए इस अभियान में सहभागी बने। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ अभियान को सफल बनाएंगे और प्रत्येक घर तक तिरंगा के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचाएंगे। उन्होंने अभियान को लेकर जिला, मंडल एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व भी सौंपे। भारतीय जनता पार्टी प्रयागराज यमुनापार द्वारा 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय सिविल लाइंस में जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने की।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यशाला में देवी सिंह पटेल, राजेश धनगर, सुधाकर पांडेय, अनिल मिश्रा, रामसुख कुशवाहा, रत्नाकर सिंह पटेल, अजय सिंह, गौतम भारती, मनीषा देवी कोल, प्राची चौबे, नागेश्वर निषाद, अनूप केसरवानी, आनन्द तिवारी, सुभाष कन्नौजिया, सतीश विश्वकर्मा, आशीष पाल, सुभाष सिंह पटेल, कुशल जैन सहित सभी जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।