दिल्ली में जहरीली हवा का कहर, कई इलाकों में AQI 400 के पार
आनंद विहार में AQI 414 और एम्स के आसपास 417 दर्ज, दीपावली के बाद दिल्ली-NCR में बढ़ा प्रदूषण का संकट
दिल्ली में आज सुबह कई जगह वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 पार नई दिल्ली, 13 नवंबर । देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सांसों का संकट और गहरा गया। आज सुबह कई स्थानों पर हवा इस कदर जहरीली गई कि लोगों का सांस लेना तक दूभर हो गया। आनंद विहार का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 414, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के आसपास 417 और नेहरू स्टेडियन के आसपास एक्यूआई 374 रहा। यही क्रम जारी रहा तो दिल्ली को गैस चैंबर में तब्दील होने में देर नहीं लगेगी। हालांकि, सरकार ने वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने की दिशा में कई तरह के प्रयास करने के दावे किए हैं। दिल्ली-एनसीआर में दीपावली के बाद प्रदूषण का बढ़ता स्तर गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि केवल त्योहारों के दौरान पाबंदियां लगाने के बजाय प्रदूषण के स्थायी कारणों पर पूरे साल काम करना जरूरी है। सनद रहे, दीपावली के अगले दिन नौ नवंबर को दिल्ली की सुबह धुंध और प्रदूषण की मोटी चादर के बीच हुई। राजधानी में सुबह 10 बजे एक्यूआई 372 दर्ज किया गया। यह ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है। शाम 7 बजे तक यह घटकर करीब 333 पर पहुंच गया, लेकिन हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर राजनीतिक विवाद नया नहीं है। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में दीपावली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी पर सवाल उठाए। मिश्रा ने दावा किया कि पंजाब के कुछ किसानों ने शिकायत की है कि जब वे अपने परिवार के साथ दीवाली मना रहे थे, तब उनके खेतों में जानबूझकर आग लगाई गई। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने इन आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि पंजाब से दिल्ली तक धुआं पहुंचने में दो से तीन दिन लग सकते हैं। ऐसे में दीपावाली की रात पंजाब में जलाई गई पराली का धुआं कुछ ही मिनटों में दिल्ली नहीं पहुंच सकता।