जनगणना 2027: यूपी में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, 30 नवंबर तक घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे परिवार की जानकारी
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम, हेल्पलाइन 1855 पर मिलेगी सहायता; अधिकारियों ने कहा—जनगणना के लिए किसी दस्तावेज की जरूरत नहीं
लखनऊ, 14 नवंबर । भारत की जनणना—2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में स्व—गणना 16 नवम्बर 2026 से शुरू हो रही है। प्रदेश के नागरिक जनगणना पोर्टल पर जाकर 16 से 30 नवम्बर के दौरान आनलाइन घर बैठे परिवार की जानकारी दर्ज कर सकते हैं। गणनाकर्मी 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक घर—घर जाकर जनगणना करेंगे।
यह जानकारी निदेशक एवं मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी उत्तर प्रदेश शीतल वर्मा ने शनिवार को लखनऊ स्थित राज्य अभिलेखागार के सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान दी। शीतल वर्मा ने बताया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रश्न, छूट अथवा स्पष्टीकरण के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 पर आमजन सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इसलिए जब जनगणना कर्मी आपके घर आयें तब उन्हें पूरे परिवार की सटीक जानकारी उपलब्ध करायें। उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न करें और न ही अगले दिन आने के लिए बाेलें बल्कि मांगी जा रही संपूर्ण जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं।
मुख्य प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि प्रदेश में बेघर लोगों की जनगणना 04 जनवरी 2027 को सूर्यास्त के पश्चात की जायेगी। उन्होंने कहा कि जनगणना अभिलेखों की पूर्ण गोपनीयता बरती जायेगी। यह केवल जनसंख्या गणना नहीं है बल्कि यह आवास,साक्षरता,धर्म,जाति,आर्थिक गतिविधि व प्रवास आदि का डेटा संग्रह करती है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि जनगणना का सिटीजनशिप से कोई मतलब नहीं है और जनगणना कार्य में किसी प्रकार के दस्तावेजों की मांग नहीं की जाती है बल्कि पूछे सवालों के जवाब को ही दर्ज किया जाता है; इसलिए जवाब सही और तथ्यपरक होने चाहिए।