प्रेस से मिलिए कार्यक्रम : जिलाधिकारी ने गिनाए विकास कार्य, बाेले - पंचकोसी परिक्रमा मार्ग समय से होगा तैयार
- विकास योजनाओं में गुणवत्ता के साथ लाई जाएगी तेजी
अयोध्या, 06 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद अयोध्या में गुरुवार काे प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं, पर्यटन, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जनपद की सबसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं में चौदह कोसी एवं पंचकोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण शामिल है। पंचकोसी परिक्रमा से पहले इसका निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। परियोजना की लगातार निगरानी की जा रही है और अब केवल फिनिशिंग का कार्य शेष है।
श्रद्धालुओं के अयोध्या में ठहराव को लेकर चलाई गई पर्यटन सुविधाओं हाटएयर बैलून, हेलीकाप्टर से अयोध्या भ्रमण तथा सरयू में क्रूज के बंद होने पर कहा कि सरयू में जलस्तर असामान्य रहता है। जिसके कारण वाटर मेटो व क्रूज के संचालन में दिक्कत आती है। यहां बांध के निर्माण के लिए प्रोजेक्ट शासन स्तर पर लम्बित है। सिचाई विभाग द्वारा संचालित इस परियोजना की स्वीकृत के उपरान्त वाटर मेट्रो तथा क्रूज जैसी पर्यटन सुविधाओं संचालन ठीक प्रकार से हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के विकास के लिए सरकार लगातार बजट उपलब्ध करा रही है। मीडिया सेंटर के उपयोग के संबंध में पूछे गए सवाल पर जिलाधिकारी ने बताया कि उपनिदेशक सूचना को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं और जल्द ही मीडिया सेंटर का प्रभावी उपयोग शुरू कराया जाएगा।
सावन झूला मेले का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि यह अपने आप में अनूठा और सामूहिक आस्था का उत्सव है। अयोध्या आने के बाद उन्हें इस परंपरा की विशेष जानकारी मिली। उन्होंने कहा कि इस बार मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। रामपथ पर पार्किंग और अव्यवस्थित वाहनों की समस्या पर उन्होंने बताया कि मार्ग पर दो-तीन स्थानों पर पार्किंग विकसित की जा रही है तथा अन्य उपयुक्त स्थलों का भी चयन किया जा रहा है। इससे जल्द ही यातायात व्यवस्था में सुधार होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनपद में रिंग रोड का निर्माण अगले एक से डेढ़ वर्ष में पूरा होने की उम्मीद है।
एक प्रश्न के उत्तर में जिलाधिकारी ने कहा कि सकारात्मक सोच के साथ किया गया कार्य हमेशा समाज के हित में होता है। उन्होंने अपने अब तक के प्रशासनिक कार्यकाल में किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव का सामना न करने की बात भी कही। कार्यक्रम का संचालन वीएन दास ने किया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जिलाधिकारी को वरिष्ठ पत्रकार जेपी तिवारी अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव व सचिव जेपी सिंह ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया तो प्रेस क्लब की ओर से रामलला का स्मति चिन्ह देकर उन्हें सम्मानित किया गया।