जौनपुर में आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में गिरावट से मिली गर्मी से राहत

जौनपुर में आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में गिरावट से मिली गर्मी से राहत

जौनपुर में आंधी-बारिश से मौसम हुआ सुहाना, तापमान में गिरावट से मिली गर्मी से राहत

जौनपुर,13 जून । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पिछले एक सप्ताह से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। शनिवार को तेज आंधी और हल्की बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। हालांकि मौसम में बार-बार हो रहे बदलाव का असर लोगों की सेहत पर भी पड़ रहा है और सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस प्रकार अधिकतम तापमान में करीब एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।

शनिवार सुबह करीब 11:00 बजे तेज आंधी के साथ हुई बारिश ने मौसम का रुख बदल दिया। बारिश के बाद वातावरण में ठंडक बढ़ी और लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप और उमस के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। सुबह 10 बजे के बाद ही सड़कों पर आवाजाही कम हो जाती थी और लोग घरों में रहने को मजबूर थे।

गर्मी से राहत पाने के लिए शीतल पेय और ठंडे खाद्य पदार्थों की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी जा रही है। उधर चिकित्सकों ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।

शनिवार को अचानक मौसम में परिवर्तन को लेकर मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दिनों में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।------------