कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में बाघ का हमला,दम्पत्ति घायल
कतर्नियाघाट वन क्षेत्र में बाघ का हमला,दम्पत्ति घायल
बहराइच, 07 जून।कतर्नियाघाट वन क्षेत्र अन्तर्गत बिछिया बैरियर से करीब सौ मीटर दूर पुलिया पर बैठे बाघ ने मोटरसाइकिल सवार दम्पत्ति पर हमला कर दिया। बाघ के हमले में दम्पत्ति घायल हो गए। पति-पत्नी बिछिया से मिहीपुरवा की तरफ जा रहे थे,तभी बाघ ने उन पर हमला कर दिया,हालांकि वहां से गुजर रहे अन्य वाहनों के शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की तरफ भाग गया।
दम्पत्ति की पहचान सुशीला और जनार्दन के रूप में हुई है। ये लोग कारीकोट नारायणताड़ा के निवासी हैं। बाघ के हमले से दम्पत्ति अचानक मोटरसाइकिल से गिरकर गम्भीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने हांका लगाकर बाघ को भगाया,जिसके बाद घायल को सीएचसी मिहीपुरवा ले जाया गया।
ग्रामीणों के अनुसार सप्ताह भर से बिछिया बैरियर के निकट बाघ की गतिविधियां बढ़ गई हैं। बाघ ने कई बार राहगीरों पर हमले का प्रयास किया। बाघ के हमले को लेकर ग्रामीणों में दहशत है।
कतर्नियाघाट के वन क्षेत्राधिकारी आशीष गौड़ ने बताया कि वन दारोगा राधेश्याम वन रक्षक सन्तोष और सुजौली पुलिस का दल बिछिया बैरियर पर तैनात कर दिया गया है। दल राहगीरों को जागरूक कर रहा है। फिलहाल क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों और राहगीरों को जंगल के रास्ते पर अकेले न जाने की अपील की जा रही है।