वाराणसी आने वाले पर्यटक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस उपायुक्त ने की गोष्ठी
वाराणसी आने वाले पर्यटक की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपर पुलिस उपायुक्त ने की गोष्ठी
वाराणसी, 04 जून। अपर पुलिस उपायुक्त (गोमती ज़ोन) नृपेन्द्र ने गुरुवार को थाना बड़ागांव क्षेत्र में आने वाले समस्त होटल संचालकों के साथ बड़ी परिचर्चा गोष्ठी कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम को सुनिश्चित करने तथा वाराणसी आने वाले पर्यटक की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
गोष्ठी के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त नृपेन्द्र ने होटल संचालकों से कहा कि होटल संचालन पूर्ण रूप से वैध लाइसेंस के अंतर्गत ही किया जाए। सभी होटल और गेस्ट हाउस के पास सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी वैध लाइसेंस अनिवार्य रूप से उपलब्ध एवं प्रदर्शित रहे। होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण सत्यापन (वैध पहचान पत्र एवं रजिस्टर में अनिवार्य प्रविष्टि) सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी जाए।
उन्होंने कहा कि होटल परिसर एवं आसपास क्षेत्रों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनका रुख मुख्य प्रवेश द्वार, पार्किंग एवं सार्वजनिक स्थानों की ओर सुनिश्चित किया जाए। सीसीटीवी रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखा जाए एवं आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को उपलब्ध कराया जाए। अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत होटल में फायर सेफ्टी उपकरणों की समुचित व्यवस्था, नियमित जांच एवं प्रशिक्षित स्टाफ की चौबीस घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए स्पष्ट रूप से चिन्हित इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य रूप से बनाए जाए।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव हेतु होटल परिसर में जागरूकता संबंधी पोस्टर, पम्पलेट लगाए जाएं तथा डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरती जाए। यातायात एवं सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत होटल के आसपास सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अतिरिक्त क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, अवैध गतिविधियों की रोकथाम तथा किसी भी प्रकार की अराजक या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाए।