जौनपुर की प्रतिभाएं महानगरों तक रोशन कर रही हैं जिले का नाम : कृपाशंकर सिंह

जौनपुर की प्रतिभाएं महानगरों तक रोशन कर रही हैं जिले का नाम : कृपाशंकर सिंह

जौनपुर की प्रतिभाएं महानगरों तक रोशन कर रही हैं जिले का नाम : कृपाशंकर सिंह

जौनपुर,17 मई । यूपी के जौनपुर में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में रविवार को सिद्दीकपुर स्थित एक स्कूल में राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर “शौर्य शक्ति स्वाभिमान सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के लोगों ने भाग लिया और समाज की एकता, शिक्षा तथा नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि “शौर्य प्रतिभा सम्मान” जैसे कार्यक्रम समाज की प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज जौनपुर की प्रतिभाएं महानगरों तक जिले का नाम रोशन कर रही हैं। समाज को नकारात्मक सोच और गलत संगत से बचाने की आवश्यकता है।गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि जौनपुर से उनका तीन पीढ़ियों का गहरा संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि समाज को अपने पूर्वजों के त्याग, बलिदान और गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि संघर्ष और परिश्रम के बिना नेतृत्व संभव नहीं है। क्षत्रिय समाज हमेशा से गरीबों, असहायों और जरूरतमंदों की मदद के लिए जाना जाता रहा है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को हर वर्ग के लोगों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए, तभी समाज को मजबूत नेतृत्व का अवसर मिलेगा।

गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि केवल महापुरुषों की जयंती मनाने से समाज का विकास नहीं होगा, बल्कि हर परिवार को अपने बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में मतभेद होने पर संवाद के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। साथ ही उन्होंने परिवारों से हर छह महीने में सामूहिक भोज आयोजित करने की अपील की, जिससे पारिवारिक और सामाजिक संबंध मजबूत हो सकें।कार्यक्रम में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर हरिवंश सिंह, वरिष्ठ राष्ट्रीय महामंत्री राघवेंद्र सिंह, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, श्याम राज सिंह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष, कार्यक्रम संयोजक भोपाल सिंह ‘भोले’ समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सुखवीर सिंह भदौरिया ने किया।