सूर्या हत्याकांड : पुलिस सत्यापन से घबराए 524 संदिग्धों ने रातों-रात खोड़ा कॉलोनी से किया पलायन
-सूर्या हत्याकांड में शामिल 5 वें और 25 हजार रुपए के इनामी शारिक गिरफ्तार
गाजियाबाद, 04 जून । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में स्थित खोड़ा कॉलोनी में सूर्या हत्याकांड के बाद तीन दिन तक चले अपराधियों का सत्यापन अभियान आज पूरा हो गया। तीन दिन में 1200 अपराधियों के घर तक पुलिस पहुंची है। हालांकि पुलिस ने 1600 से ज्यादा अपराधी चिंहित किए हैं। इनमें 620 अपराधी घरों से गायब मिले। अभियान के दौरान 524 संदिग्ध परिवार पलायन कर गए और कई के परिजन ने दरवाजे तक नहीं खोले। इस दौरान एक हिस्ट्रीशीटर को भी हिरासत में लिया गया।
कमिश्नरेट पुलिस ने सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद खोड़ा कालोनी में सर्च अभियान चलाया तो करीब आठ लाख की आबादी वाले इस क्षेत्र में करीब 1600 अपराधियों को चिंहित किया गया। 75 हिस्ट्रीशीटर और 37 गैंगस्टर परिवार सहित रातोंरात घर छोड़कर भाग गए। इनमें केवल 42 का सत्यापन हो सका, बाकी के घरों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड ने बताया कि 524 संदिग्ध परिवार पलायन कर गए। उनके घरों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। इनके अलावा 94 परिवार ऐसे हैं, जिन्होंने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित कर मकान बनाए हैं। उन्होंने बताया कि खोड़ा क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों में लिप्त, कट्टरपंथियों और अराजक तत्वों का सत्यापन पुलिस कर रही है। कई लोग मकान छोड़कर भाग गए हैं। सत्यापन रिपोर्ट में 600 से अधिक अपराधी व परिवार घरों पर नहीं मिले तो कुछ में वृद्ध और केवल महिलाएं ही हैं। उन्होंने बताया कि इनकी संपत्ति का ब्यौरा भी एकत्र किया जा रहा है।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि सूर्या हत्याकांड में शामिल 5 वें और 25 हजार रुपए के इनामी शारिक को पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होने बताया कि आरोपी मूलरूप से अलीगढ़ के बादशाह नगला स्थित छर्रा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में वह खोड़ा के नवनीत विहार स्थित गली नंबर एक में परिवार के साथ रह रहा था। उस पर 25 हजार इनाम घोषित था। आरोपित ने असद, फरहान और अतीक के साथ मिलकर चाकू मारने की बात स्वीकार की।