प्रयागराज : लूटकांड मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज : लूटकांड मामले में दो आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 02 जुलाई । उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले की करैली थाना पुलिस ने एसओजी नगर और सर्विलांस सेल की मदद से गुरुवार को लूट की वारदात का खुलासा किया है। लूट में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के 13,700 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
पुलिस उपायुक्त (नगर) मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी शमशेर उर्फ ट्रेक्टर और इसी थाना क्षेत्र के नुमाया डीह गांव निवासी राजेन्द्र भारतीया है। इन लाेगाें ने 21 जून की सुबह महेवा बाजार जाते समय करामात चौकी के पास मिथिलेश कुमार से नकदी लूट ली थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना करैली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने एलिना सिटी के पास से दाेनाें चाेराें काे गिरफ्तार कर लूट की घटना का खुलासा किया है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपित राजेंद्र भारतीया पीड़ित का चचेरा भाई है, जिसने अपने साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपिताें के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।