प्रयागराज: बीमारी से आजिज अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
प्रयागराज: बीमारी से आजिज अधेड़ ने गंगा में लगाई छलांग, तलाश जारी
प्रयागराज, 12 सितम्बर उप्र के प्रयागराज जिले में स्थित दारागंज एवं झूंसी के मध्य बने शास्त्री पुल से शुक्रवार को बस रूकवाकर एक अधेड़ ने गंगा में छलांग लगा दी। सूचना पर सक्रिय हुई एनडीआरएफ और गोताखोर के माध्यम से पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि वह काफी दिनों लम्बी बीमारी से पीड़ित था। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का है।
अपर पुलिस उपायुक्त नगर अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रयागराज जिले के उतरांव थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी पप्पू ड्राइवर शुक्रवार को उपचार कराने अपने पत्नी के साथ प्रयागराज शहर आ रहा था। बस जब शास्त्री पुल के मध्य पहुंची तो उसने बस को रुकवाया और गंगा नदी में अचानक छलांग लगा दी। यह घटना इतनी तेज हुई कि बस में सवार लोग कुछ समझ नहीं सके। सूचना पर तत्काल झूंसी एवं दारागंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पुलिस ने उसकी खोजबीन करने के लिए तत्काल एनडीआरएफ तथा नाविकों को लगाया है।
पुलिस का कहना है कि गंगा में बहाव इतना तेज है कि उसका शव मिलना बहुत मुश्किल है, हालांकि उसकी तलाश जारी है। पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि वह ड्राइविंग करता था। लेकिन वह बीते काफी दिनों से लम्बी बीमारी से परेशान था। चिकित्सकों ने उसका उपचार करने से इनकार कर दिया था, जिससे वह बहुत दुखी था।