स्टेट ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में मीरजापुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, जीते आठ मेडल
- पांच स्वर्ण व तीन रजत पदक जीतकर बढ़ाया जनपद का मान
मीरजापुर, 18 मई । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय स्टेट ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में मीरजापुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच स्वर्ण एवं तीन रजत पदक अपने नाम किए हैं। विष्णु ताइक्वांडो एकेडमी के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जनपद में खुशी का माहौल है। यह चैम्पियनशिप 16 एवं 17 मई को ऐशबाग स्थित महाराजा अग्रसेन पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई थी। इसमें एकेडमी के छह खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। पूमसे स्पर्धा के सीनियर वर्ग में लय कुमार दुबे तथा जूनियर वर्ग में निलय कुमार दुबे ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं क्योरोगी प्रतियोगिता में अंडर-48 किलोग्राम वर्ग में लय कुमार दुबे, अंडर-45 किलोग्राम वर्ग में निलय कुमार दुबे तथा अंडर-54 किलोग्राम वर्ग में हर्ष विश्वकर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा कृष्ण सोनकर, मनमोहन बिंद एवं कार्तिक गुप्ता ने रजत पदक जीतकर जनपद का नाम रोशन किया।
प्रतियोगिता से लौटने पर सोमवार को विष्णु ताइक्वांडो एकेडमी की ओर से विजेता खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। खेल प्रेमियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ताइक्वांडो नेशनल रेफरी एवं स्टेट इंस्ट्रक्टर विष्णु पांडेय ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद खिलाड़ी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि एकेडमी से अब तक 28 खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट 1 डैन तथा 12 खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट 2 डैन प्राप्त कर चुके हैं। वहीं एक लड़का एवं एक लड़की ब्लैक बेल्ट 3 डैन हासिल कर चुके हैं।
ताइक्वांडो नेशनल रेफरी रितिका सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों में सीखने एवं आगे बढ़ने की विशेष लगन है, जिसका परिणाम प्रतियोगिताओं में देखने को मिल रहा है।