गाजियाबाद की सड़कें होंगी गड्ढा मुक्त, लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया अभियान
गाजियाबाद की सड़कें होंगी गड्ढा मुक्त, लोक निर्माण विभाग ने शुरू किया अभियान
गाजियाबाद, 12 सितंबर भारी बारिश के चलते गाजियाबाद की झज्जर हुई सड़कें बहुत जल्द ठीक हो जाएगी । सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। इस संबंध में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंडल ने निर्देश जारी किए हैं की सड़कों को जल्द से जल्द गड्ढा मुक्त किया जाए और गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग ने वर्षा ऋतु के पश्चात सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का कार्य प्रारम्भ कर दिया है। इस अभियान के तहत सबसे पहले उन मार्गों को दुरुस्त किया जा रहा है, जो ज्यादा आवश्यक एवं अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
वर्तमान में दिल्ली–सहारनपुर–यमुनोत्री मार्ग को गड्ढा मुक्त करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यह मार्ग विशेषकर लोनी के आबादी वाले हिस्से में नालों के पानी और वर्षा के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। फिलहाल सड़क पर पत्थर भरकर उसे मोटरेबल बनाया जा रहा है, ताकि यातायात में आने-जाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रविन्द्र कुमार माँदड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रत्येक सड़क को गड्ढा मुक्त किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सख्ती से कहा है कि क्रमवार सभी सड़कों की मरम्मत की जाए तथा यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण गुणवत्ता के साथ सम्पन्न किया जाए।