श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर टीका लगाने वालों पर कसा शिकंजा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर टीका लगाने वालों पर कसा शिकंजा
वाराणसी, 06 अगस्त। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर सड़क पर घूमते हुए टीका लगाने वाले लोगों पर सुरक्षा एजेंसी ने शिकंजा कस दिया है। एसआईएस सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों ने गुरुवार को अभियान चला कर टीका लगाने वालों की सामग्री जब्त कर ली।
जौनपुर के मूल निवासी और विश्वनाथ मंदिर के बाहर टीका लगा रहे गंगाधर ने बताया कि उनकी टीका लगाने की सामग्री को सुरक्षा कर्मियों ने जबरदस्ती जब्त कर लिया है। वह एक डिब्बे से टीका लगा रहे हैं, जिसके लिए भी उन्हें मना कर दिया गया है। सुरक्षा कर्मियों ने बताया है कि सुपरवाइजर से वार्ता करके ही कोई इस तरह के कार्य करेंगे। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर सड़क पर अब टीका लगाने वालों की खैर नहीं है। ऐसा करते पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
एसआईएस सुरक्षा एजेंसी के कर्मियों ने दो टूक कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर सुरक्षा की दृष्टि से उनकी एजेंसी जब्त करने का कार्य कर रही है। घूम-घूम कर टीका लगाने वाले अथवा दूध, फूल बेचने वाले लोगों पर रोक लगाई गई है। उनके दिखने पर सामग्री को जब्त किया जा रहा है।
एसआईएस सुरक्षा एजेंसी के सुपरवाइजर पवन ने कहा कि सावन माह में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन को आने वाली भीड़ की सुरक्षा को लेकर पुलिस कमिश्नर ने बैठक की थी। जिसके बाद से मंदिर के बाहर श्रद्धालु जन की सुरक्षा के लिए तमाम आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। उसी में टीका लगाने वाले लोगों को भी हटाया जा रहा है। उनकी सामग्री को जब्त कर उन्हें चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है।
लखनऊ से आए हुए दो श्रद्धालुओं शशि मिश्रा और ओमप्रकाश राय ने बताया कि सुरक्षाकर्मियों का रवैया बिल्कुल ठीक है। टीका लगाने वाले उन्हें टीका लगाने के लिए परेशान कर रहे हैं, जो ठीक बात नहीं है।