मुख्यमंत्री डाॅ यादव समेत भाजपा नेताओं ने आम बजट काे बताया नए भारत का विजन, कांग्रेस ने कहा- निराशाजनक
मुख्यमंत्री डाॅ यादव समेत भाजपा नेताओं ने आम बजट काे बताया नए भारत का विजन, कांग्रेस ने कहा- निराशाजनक

भाेपाल, 1 फ़रवरी (हि.स.)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार काे देश का आम बजट पेश किया। जिसमें महिलाओं, किसानों, मिडिल क्लास समेत कई वर्ग के लिए बड़ा ऐलान किया गया है। बजट पर मप्र के भाजपा और कांग्रेस के नेताओं ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी।एक तरफ जहां भाजपा नेताओं ने बजट काे नए भारत का विजन बताया है ताे वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने बजट काे निराशाजनक करार दिया है।
लोकसभा में देश का बजट पेश होने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने बजट पर खुशी जताते हुए इसे विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला बताया है। साथ ही 12 लाख की आय तक जीरो इनकम टैक्स के फैसले को क्रांतिकारी कदम बताया है। मुख्यमंत्री डाॅ यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 विकसित भारत के संकल्पों को सिद्ध करने वाला है। यह कल्याणकारी, सर्वस्पर्शी और समावेशी बजट देश के गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति के समग्र विकास के साथ स्टार्टअप्स, इनोवेशन तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे विभिन्न क्षेत्रों को समाहित करते हुए, अंत्योदय की भावना और नवोन्मेष की नव-दृष्टि से परिपूर्ण है। 140 करोड़ देशवासियों के कल्याण तथा भारत को आत्मनिर्भर बनाने वाले इस बजट के लिए प्रधानमंत्री और केंद्रीय वित्त मंत्री का हार्दिक अभिनंदन।”
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 12 लाख की इनकम पर टैक्स में छूट देने के फैसले पर केंद्रीय वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा आज लोकसभा में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2025-26 में 12 लाख रुपए तक की वार्षिक आय को कर मुक्त करने का निर्णय अभिनंदनीय है। बीते एक दशक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने जो समृद्धि के नए आयाम स्थापित किए हैं, उसमें देश के मध्यम वर्ग का परिश्रम और सामर्थ्य सम्मिलित है। निश्चित ही प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में किया गया यह निर्णय मध्यम वर्ग की आशाओं और आकांक्षाओं को उड़ान देने के साथ उन्हें सशक्त बनाने में निर्णायक सिद्ध होगा। मध्यम वर्ग को आयकर में राहत देने वाले इस क्रांतिकारी कदम के लिए मध्यप्रदेश वासियों की ओर से आदरणीय प्रधानमंत्री जी का आभार-अभिनंदन।”
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का बजट बताया। उन्हाेंने कहा कि इसमें विश्वास की महक है, विकास की ललक है और विकसित भारत के निर्माण की तड़प है। बजट में कृषि और किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कोई कल्पना भी नहीं करता था कि इनकम टैक्स में छूट की सीमा 12 लाख तक हो जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि यह विकसित भारत के रूप में नए भारत के विजन वाला बजट है। सभी वर्गों का ख्याल मोदी सरकार ने रखा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट ऐतिहासिक और आम जनता को खुश करने वाला बजट है। इस बजट में हमारे हमारे गरीब, अन्नदाता, नारी शक्ति और नौजवानों को सशक्त व सक्षम बनाने के लिए प्रावधान किए गए हैं। केंद्र सरकार का नया बजट संपूर्ण भारत वर्ष, हर क्षेत्र, हर समाज और वर्ग के विकास को सुनिश्चित करने वाला बजट है। बजट में शिक्षा के क्षेत्र में विकास के लिए अनेक प्रावधान किए गए हैं। मेडिकल एजुकेशन और आईआईटी में 75000 सीटें बढ़ाने की घोषणा इस बजट में की गई है। मुझे ये बताते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है कि इस बजट में किसानों के लिए प्रधानमंत्री धन धान्य योजना की घोषणा की गई है। इस योजना से देश के 100 जिले और 1.70 करोड़ लोग लाभान्वित होंगे। इस बजट में कृषि और अनुसंधान के क्षेत्र में बड़ी सौगात देश के नागरिकों को मिली है। बजट में मध्यम वर्ग को बड़ी राहत देते हुए 12 लाख तक की आय को टैक्स फ्री किया गया, जो एक ऐतिहासिक निर्णय है। बजट प्रस्तावों से देश और उसके विकास को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विजन की झलक दिखाई देती है।
कांग्रेस ने बजट काे बताया निराशाजनक
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस नेताओं ने बजट काे निराशाजनक बताया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि पीएम नरेंद्र मोदी की कार्यशैली ऐसी है कि बीजेपी के लोग देश को लूट और बेच रहे हैं। इससे पहले भी जब-जब मोदी बजट लाए हैं, देश निराश ही हुआ है। भ्रष्टाचार अद्भुत और अकल्पनीय हो गया है। 'लूटो और बेचो देश को' वाली नीति पर काम हो रहा है। पटवारी ने कहा कि देश में सरकारें नहीं बच रही हैं, केवल चुनाव हो रहे हैं। विकास दर नीचे है, लेकिन भाषण ऊंचे स्तर पर हैं। उद्योगपतियों के सोलह लाख करोड़ रुपए दस साल में माफ कर दिए गए, लेकिन किसानों के लिए कोई ठोस काम नहीं हो रहा है। किसानों की आत्महत्या बढ़ रही है। युवाओं के रोजगार का संकट बना हुआ है। एमएसपी को लेकर किसान सड़क पर हैं। देश पर 270 लाख करोड़ रुपए का कर्ज है। हालात बदतर होते जा रहे हैं। यही स्थिति मध्य प्रदेश में भी है। प्रदेश सरकार लगभग 5 लाख करोड़ रुपए के कर्जे में है।
इधर, मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा है कि मोदी सरकार का बजट 2025 भी जुमलों की पोटली निकला है। महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, केवल बड़े-बड़े वादों का मायाजाल है।