सनातन भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप, विधायक अमिताभ बाजपेयी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
सनातन भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप, विधायक अमिताभ बाजपेयी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
कानपुर, 18 मई । समाजवादी पार्टी विधायक अमिताभ बाजपेयी द्वारा हिंदू और सनातन धर्म से जुड़े प्रतीकों एवं आस्थाओं का लगातार अपमान किए जाने से लोगों में भारी आक्रोश है। धार्मिक भावनाओं को भड़काने वालों के खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति राजनीतिक लाभ के लिए धार्मिक आस्थाओं का दुरुपयोग न कर सके। यह बातें सोमवार को शिकायतकर्ता कृष्णा तिवारी उर्फ धर्म योद्धा ने पुलिस कमिश्नर को पत्र सौंपने के दौरान कही।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे कृष्णा तिवारी ने विधायक अमिताभ बाजपेयी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया कि विधायक समय-समय पर सनातन धर्म और हिंदू आस्थाओं से जुड़े विषयों पर विवादित आचरण करते रहे हैं। शिकायत के अनुसार, उन्होंने सुंदरकांड पाठ को लेकर विवादित टिप्पणी की थी और भगवान श्रीराम की शोभायात्रा को बाधित करने का प्रयास भी किया था।
पत्र में हाल ही में हुए एक आंदोलन का भी उल्लेख किया गया, जिसमें महापुरुषों और सनातन आस्था से जुड़े चित्रों को पैरों तले रखने का आरोप लगाया गया। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
कृष्णा तिवारी ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि विधायक पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करने को बाध्य होंगे।