अभाविप का 65वां प्रांत अधिवेशन 17 से 19 दिसंबर तक बहराइच में

अभाविप का 65वां प्रांत अधिवेशन 17 से 19 दिसंबर तक बहराइच में

अभाविप का 65वां प्रांत अधिवेशन 17 से 19 दिसंबर तक बहराइच में

बहराइच, 15 दिसंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) अवध प्रांत का 65वां प्रांत अधिवेशन आगामी 17 से 19 दिसंबर तक किसान डिग्री कॉलेज में आयोजित होगा। अधिवेशन के माध्यम से संगठन शैक्षणिक दुर्व्यवस्था के निराकरण के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अपनी भावी कार्ययोजना तय करेगा।

इस अधिवेशन की जानकारी देने के लिए प्रांतमंत्री पुष्पेन्द्र वाजपेई ने सोमवार को पत्रकार वार्ता की। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शिक्षा क्षेत्र में कार्य करने वाला विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जो वर्ष भर कैंपस को आधार बनाकर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए विविध गतिविधियों का संचालन करता है।

परिषद शिक्षा जगत में व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहती है। अधिवेशन वर्ष भर के कार्यों के प्रकटीकरण के साथ कार्यकर्ताओं में उत्साह, नवाचार और संगठनात्मक विस्तार की नई दिशा तय करने का केंद्र होगा। उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर को सायं पांच बजे अभाविप की वार्षिक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। 17 दिसंबर को विधिवत उद्घाटन के बाद शिक्षा की आगामी दिशा, समाज परिवर्तन में कार्यकर्ताओं की भूमिका, नगर में शोभा यात्रा तथा समसामयिक विषयों पर छात्र नेताओं के भाषण आयोजित होंगे। 19 दिसंबर को नूतन-पुरातन कार्यकारिणी की बैठक के साथ अधिवेशन का समापन होगा।

अधिवेशन में पुनर्निर्वाचित प्रांत अध्यक्ष प्रो. नीतू सिंह एवं नवनिर्वाचित प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा कार्यभार ग्रहण करेंगे। साथ ही शिक्षा एवं सामाजिक विषयों से जुड़े चार प्रस्ताव पारित किए जाएंगे, जिनमें उच्च शिक्षा में व्याप्त विसंगतियों का नियमन, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताएं, पर्यावरण संरक्षण तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं एआई के अनुप्रयोगों पर चर्चा शामिल है। ‘पंच परिवर्तन से समाज परिवर्तन’ विषय पर भी आगामी दिशा को लेकर मंथन किया जाएगा।

प्रांत मंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद शैक्षणिक दुर्व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष करते हुए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के लिए समर्पित एकमात्र ऐसा छात्र संगठन है, जो ‘शैक्षणिक परिवार’ की परिकल्पना को साकार करता है। विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों को समाज जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में नेतृत्व प्रदान करने के लिए सशक्त राष्ट्रवादी युवा के रूप में तैयार करती है।

पत्रकार वार्ता में जिला संयोजक देवाशीष सिंह, नगर मंत्री शिवम गौड़ तथा किसान डिग्री कॉलेज इकाई की सह मंत्री अंशी सिंह उपस्थित रहीं।---