कौन था आबान अहमद? बाल सुधार गृह से 10वीं की परीक्षा और वायरल वीडियो तक... जानिए अतीक के सबसे छोटे बेटे की पूरी कहानी

बाल सुधार गृह में वक्त बिताने, सेंट जोसेफ से 10वीं पास करने और वायरल वीडियो से लेकर झांसी हाईवे पर दर्दनाक मौत तक, जानिए आबान अहमद की जिंदगी से जुड़ी अहम बातें

कौन था आबान अहमद? बाल सुधार गृह से 10वीं की परीक्षा और वायरल वीडियो तक... जानिए अतीक के सबसे छोटे बेटे की पूरी कहानी

प्रयागराज/झांसी: झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद अतीक अहमद का परिवार एक बार फिर सुर्खियों में है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से ही अपराध और सियासत के गलियारों में अतीक के कुनबे की चर्चा होती रही है, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि परिवार का सबसे छोटा वारिस आबान अहमद कौन था और उसकी जिंदगी किन परिस्थितियों से गुजरी।

अतीक अहमद का 5वां और सबसे छोटा बेटा था आबान

आबान अहमद पूर्व सांसद अतीक अहमद और शाइस्ता परवीन का पांचवां और सबसे छोटा बेटा था। वह पहली बार साल 2023 में तब देश भर की सुर्खियों में आया, जब चर्चित उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस ने अतीक के परिवार पर कानूनी कार्रवाई की थी। उस दौरान नाबालिग होने के कारण आबान को उसके बड़े भाई अहजम के साथ बाल सुधार गृह (राजकीय बाल गृह) भेजा गया था। करीब आठ महीने बाद, अक्टूबर 2023 में दोनों भाइयों को वहां से रिहा कर उनकी कानूनी कस्टडी उनकी बुआ परवीन कुरैशी को सौंप दी गई थी।

बिना नियमित स्कूल गए ICSE बोर्ड से पास की थी 10वीं

आबान अहमद प्रयागराज के प्रतिष्ठित सेंट जोसेफ कॉलेज का छात्र था। उसकी पढ़ाई का सफर बेहद चुनौतीपूर्ण और असामान्य रहा। बाल सुधार गृह में रहने और पारिवारिक उथल-पुथल के चलते वह पूरे शैक्षणिक सत्र में कभी नियमित रूप से स्कूल नहीं जा सका।

स्कूल प्रशासन के मुताबिक, आबान और उसके भाई अहजम क्लासरूम की पढ़ाई से दूर रहे, लेकिन उन्होंने समय-समय पर अपने प्रोजेक्ट वर्क और असाइनमेंट स्कूल में जमा किए। साल 2024 में जब ICSE बोर्ड की परीक्षाएं हुईं, तो दोनों भाई स्कूल पहुंचे और परीक्षा दी। आबान ने विषम परिस्थितियों के बावजूद साल 2024 में 10वीं (हाईस्कूल) की परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली थी।

नवंबर 2025 में वायरल वीडियो से फिर आया था विवादों में

10वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद आबान किसी पेशेवर व्यवसाय या नौकरी से नहीं जुड़ा था। हालांकि, नवंबर 2025 में उसका नाम एक बार फिर तब विवादों से जुड़ा, जब सोशल मीडिया पर उसका एक कथित धमकी भरा और दबंग अंदाज वाला वीडियो वायरल हुआ। इस वीडियो के सामने आने के बाद प्रयागराज पुलिस ने संज्ञान लेते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज किया था।

झांसी के सफर में खामोश हो गई जिंदगी

गुरुवार, 6 अगस्त को आबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। लेकिन झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ थाना क्षेत्र में उसकी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस भीषण हादसे में अतीक के सबसे छोटे बेटे आबान का सफर हमेशा के लिए खत्म हो गया।