इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी विभाग की 28वीं अध्यक्ष बनीं प्रो. जया कपूर
कार्यभार संभालते ही बताईं प्राथमिकताएं, गुणवत्तापूर्ण शोध, बेहतर शिक्षण और दूसरे संस्थानों के साथ सहयोग पर रहेगा जोर
प्रयागराज, 27 अक्टूबर । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग की नई अध्यक्ष प्रो. जया कपूर ने मंगलवार को कार्यभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान अध्यक्ष प्रो. इंद्राणी मुखर्जी से पदभार संभाला। कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के अनुमोदन के बाद कुलसचिव प्रो. आशीष खरे ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था। यह जानकारी मंगलवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रो. अमित सिंह ने दी।
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रो. जया कपूर ने कहा कि विभाग में बेहतर शिक्षण वातावरण तैयार करना और शैक्षणिक गतिविधियों के साथ विस्तार संबंधी कार्यक्रमों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके अलावा गुणवत्तापूर्ण शोध को प्रोत्साहित करने और दूसरे संस्थानों के साथ सहयोगात्मक गतिविधियों को बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा। उनके कार्यभार संभालने के दौरान विभाग के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।
अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग की स्थापना वर्ष 1922 में हुई थी। प्रो. जया कपूर विभाग की 28वीं अध्यक्ष बनी हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से परास्नातक और पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने वर्ष 1999 में आचार्य नरेंद्र देव कॉलेज, कानपुर से शिक्षक के रूप में अपने करियर की शुरुआत की। वर्ष 2010 में वह इलाहाबाद विश्वविद्यालय के अंग्रेजी एवं आधुनिक यूरोपीय भाषा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर नियुक्त हुईं।
प्रो. जया कपूर वर्तमान में विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी के साथ महिला अध्ययन केंद्र की निदेशक और सरोजनी नायडू महिला छात्रावास की वार्डेन का दायित्व भी निभा रही हैं। इसके अतिरिक्त वह विश्वविद्यालय की भाषा प्रयोगशाला का कार्यभार संभाल रही हैं। इससे पहले वह विश्वविद्यालय के यूजीसी मानव संसाधन विकास केंद्र में सह निदेशक के रूप में भी सेवाएं दे चुकी हैं।