मानसिक परेशानी न छिपाएं, विशेषज्ञ से लें सलाह: डॉ. मोहित जैन
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर SRN अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम, युवाओं को नियमित व्यायाम और सीमित स्क्रीन टाइम अपनाने की सलाह; 10 नवंबर तक चलेगा अभियान
प्रयागराज, 10 अक्टूबर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को छिपाने या अंधविश्वास के सहारे उपचार कराने के बजाय विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। नियमित व्यायाम, स्वस्थ जीवनशैली और सोशल मीडिया का सीमित इस्तेमाल मानसिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है। यह बातें मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के उप प्रधानाचार्य डॉ. मोहित जैन ने शनिवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में कहीं।
उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान महत्व देना चाहिए। तनाव या मानसिक परेशानी होने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते मदद लेनी चाहिए। मानसिक रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी भ्रांतियों और संकोच को दूर कर योग्य विशेषज्ञ से उपचार लेने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों ने नशे की लत और प्रसव के बाद महिलाओं में होने वाली मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर लघु नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया। पोस्टर, प्रश्नोत्तरी और नाटक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाणपत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एक माह चलेगा जागरूकता अभियान
मानसिक रोग विभाग की ओर से 10 अक्टूबर से 10 नवंबर तक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन और बच्चों-किशोरों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा। जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें परामर्श और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास भी होगा। कार्यक्रम में प्रमुख अधीक्षिका डॉ. नीलम सिंह, डॉ. जितेंद्र शुक्ला, डॉ. कमलेश कुमार सोनकर, डॉ. संतोष कुमार केशरवानी, डॉ. अनुराग वर्मा, डॉ. शैलेन्द्र कुमार मिश्रा और नर्सिंग कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. श्याम शर्मा सहित चिकित्सक व नर्सिंग अधिकारी मौजूद रहे।