महिला के गले से हार झपटकर भागे नकाबपोश तीन बदमाश
महिला के गले से हार झपटकर भागे नकाबपोश तीन बदमाश
जौनपुर, 11 फरवरी । उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात को शादी समारोह में जा रही एक महिला से नकाबपोश तीन बदमाश झपटा मारकर गले से हार छीनकर भाग गये। पीड़ित महिला ने लूट की रिपोर्ट दर्ज करायी है।
पुरानी बाजार की रहने वाली अनीता सोनी ने अपनी तहरीर में बताया कि वह मंगलवार रात अपने घर से पांच अन्य महिलाओं के साथ हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। जब वे चूड़ी मोहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास पहुंचीं, तभी बाइक पर सवार नकाबपोश तीन बदमाश अचानक उनके पास पहुंचे और गले से सोने का हार झपटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पीड़ित महिला ने लूटा गया हार लगभग 8 लाख रुपये का बताया है।
प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बुधवार को बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। लुटेरों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। बदमाशों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं, इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।-