समय से कार्यालय न आने वाले अफसराें-कर्मचारियाें का कटेगा वेतन : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी की मीटिंग में नहीं शामिल हुए कई अफसर

औरैया, 30 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले के जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने जूम मीटिंग के माध्यम से कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों पर सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिया कि जो अधिकारी या कर्मचारी समय से कार्यालय नहीं पहुंचते हैं उन्हें अनुपस्थित मानते हुए एक दिन का वेतन बाधित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी अपने-अपने तैनाती स्थल पर निर्धारित समय पर उपस्थित रहें, अन्यथा कार्यवाही कर शासन को अवगत कराया जाएगा।

इस मीटिंग में जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशाषी अभियंता नलकूप, एआईजी स्टांप, एबीएसए औरैया, एमओआईसी भाग्यनगर, अजीतमल, बिधूना, सहार, औरैया तथा सीडीपीओ एरवाकटरा और पशु चिकित्सा अधिकारी सहार व औरैया अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने कल 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती पर आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस कार्यक्रम की तैयारी पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद औरैया को पदयात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, चूना डलवाने, झंडा, बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाने के साथ कार्यक्रम को भव्य रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।