नाेएडा में विभिन्न सड़क हादसों में महिला समेत 10 लोगों की मौत
नाेएडा में विभिन्न सड़क हादसों में महिला समेत 10 लोगों की मौत
नोएडा, 18 मई । उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्ध नगर जनपद में नोएडा के विभिन्न जगहों पर बीते 24 घंटे में हुए विभिन्न सड़क हादसों में 10 लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी की ओर से साेमवार काे दी गई जानकारी के मुताबिक, बीती रात रविवार काे थाना ईकोटेक तीन क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में बादल (28) पुत्र जगपाल निवासी ग्राम गेझा गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
थाना बिसरख क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में हरिओम शर्मा (35) पुत्र अमर सिंह निवासी विजयनगर गाजियाबाद की मौत हो गई है। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में अरविंद (36) पुत्र खेमपाल निवासी जनपद बदायूं गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
थाना सेक्टर 63 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में वृद्ध राजन शर्मा (68) मूल निवासी जनपद हरदोई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई।
इसी तरह थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में निशु (24) पुत्र सर्वेश घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
थाना दादरी क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में रिहान (21) पुत्र सुखा की मौत हो गई। इसी प्रकार से थाना फेस-वन क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में राकेश कुमार सैनी (32) की मौत हो गई। थाना दनकौर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में रोहित (50) पुत्र गजेंद्र निवासी ग्राम नगला श्रीगोपाल की मौत हो गई है। इसी तरह थाना फेस-दो क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में विशाल कुमार (22) पुत्र महेंद्र पाल की मौत हो गई है।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि अभिषेक नामक युवक उनकी मां पूनम शर्मा को बाइक पर बैठाकर नोएडा से गाजियाबाद जा रहा था। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर सर्विस रोड पर जाते समय पीछे से वैगनआर कार चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनकी मां पूनम शर्मा की मौत हो गई, जबकि वह घायल हो गया। उक्त सभी मामलाें में थाना पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।